रायपुर। नया रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने एक और बड़ा कदम उठाया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने सेक्टर-12 में हाउसिंग बोर्ड फेस-2 के तहत प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। करीब 119.89 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में एचआईजी और एमआईजी श्रेणी के आवासों के साथ 704 नए फ्लैट तैयार किए जाएंगे।
सेक्टर-12 फेज-2 में करीब 29.20 एकड़ जमीन पर 348 भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। इन आवासों का बेस प्राइस 45.70 लाख रुपए से लेकर 85.117 लाख रुपए तक निर्धारित किया गया है। परियोजना के पूरा होने से नया रायपुर में आवासीय सुविधाओं का और विस्तार होगा।
5 लाख लोगों को नया रायपुर में बसाने के लक्ष्य में मिलेगी मदद
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नया रायपुर अटल नगर में लगातार आवासीय और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए मकानों के निर्माण से यहां अधिक से अधिक लोगों को बसाने में मदद मिलेगी। सरकार का लक्ष्य नया रायपुर में करीब 5 लाख लोगों को शिफ्ट करने का है।
उन्होंने कहा कि आवास के साथ सड़क, पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है। बेहतर सुविधाओं के चलते हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं को लोगों से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।






