तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड का एयरपोर्ट रोड तक होगा विस्तार, रायपुर-सारंगढ़ फोरलेन को भी मंजूरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी सहमति

0
7

नई दिल्ली/रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और छत्तीसगढ़ में सड़क एवं औद्योगिक कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश की सड़क परियोजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। करीब एक घंटे चली बैठक में गडकरी ने तेलीबांधा-जोरा प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के एयरपोर्ट रोड की ओर करीब 500 मीटर विस्तार और NH-130B को रायपुर-बलौदाबाजार से आगे सारंगढ़ तक फोरलेन के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

वीआईपी चौक से एयरपोर्ट रोड तक जुड़ेगा एलिवेटेड रोड

तेलीबांधा से जोरा के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को लेकर सांसद अग्रवाल ने वीआईपी चौक पर बनने वाले टी-जंक्शन पर संभावित यातायात दबाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने एलिवेटेड रोड को एयरपोर्ट रोड की दिशा में करीब 300 से 500 मीटर तक आगे बढ़ाने का आग्रह किया। इससे स्वामी विवेकानंद विमानतल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को सीधा और सुगम मार्ग मिलने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सांसद के आग्रह को स्वीकार करते हुए इसके अतिरिक्त विस्तार को स्वीकृति दी।

रायपुर से सारंगढ़ तक फोरलेन की राह खुली

बैठक में NH-130B को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय हुआ। वर्तमान में रायपुर से बलौदाबाजार तक फोरलेन के लिए डीपीआर तैयार किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सांसद अग्रवाल ने बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के हिस्से को भी परियोजना में शामिल कर डीपीआर तैयार कराने और फोरलेन निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए NH-130B को सारंगढ़ तक फोरलेन के रूप में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की।

बलौदाबाजार-भाटापारा को नई हाईवे कनेक्टिविटी का प्रस्ताव

सांसद ने बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र के लिए नई राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने रायपुर-बिलासपुर NH-130 और रायपुर-बलौदाबाजार NH-130B को जोड़ने वाली नई सड़क के निर्माण की मांग की। क्षेत्र में बड़ी संख्या में सीमेंट संयंत्र और अन्य उद्योग होने के कारण यहां भारी वाहनों का दबाव अधिक है। प्रस्तावित सड़क से माल परिवहन को सीधी कनेक्टिविटी मिलने और लॉजिस्टिक लागत घटने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रायपुर-दुर्ग मार्ग और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पर भी चर्चा

बैठक में रायपुर-दुर्ग-भिलाई मार्ग पर बढ़ते औद्योगिक और व्यावसायिक यातायात को देखते हुए प्रमुख जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेटर, फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण की जरूरत पर भी चर्चा हुई। रायपुर-सिमगा-बिलासपुर मार्ग को बेहतर औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी देने का मुद्दा भी सांसद ने उठाया।

इसके अलावा नागपुर-गोंदिया समृद्धि एक्सप्रेसवे को गोंदिया के बिरसी एयरपोर्ट से डोंगरगढ़, खैरागढ़, कवर्धा और मुंगेली होते हुए बिलासपुर एवं रायपुर तक छह लेन में विस्तार देने का प्रस्ताव भी रखा गया।

उरला-सिलतरा के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल एक्सेस रोड की मांग

सांसद अग्रवाल ने रायपुर के उरला-सिलतरा समेत प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल एक्सेस रोड, इंटरचेंज और फीडर रोड विकसित करने की मांग की। साथ ही रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से भारी वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही कम होगी। इससे यातायात दबाव घटने के साथ परिवहन समय और लॉजिस्टिक लागत में भी कमी आएगी तथा रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here