छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

0
5

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई। बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 170 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

लो प्रेशर एरिया का असर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना लो प्रेशर एरिया अभी सक्रिय है। इसके साथ बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। यह मौसम तंत्र अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है।

इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।

रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार, 26 अगस्त को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बारिश सामान्य के करीब
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक कुल बारिश सामान्य के करीब रही है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सामान्य से 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अगले दो दिनों में भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here