CGPSC घोटाला: जेल में बंद टामन सिंह सोनवानी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

0
5
CGPSC घोटाला: जेल में बंद टामन सिंह सोनवानी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में जेल में बंद आयोग के पूर्व चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। 18 अगस्त को स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें तत्काल रायपुर स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट, अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की कड़ी निगरानी के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

ब्रेडीकार्डिया की शिकायत, 24 घंटे निगरानी में रहे
मिली जानकारी के अनुसार, टामन सिंह सोनवानी को अचानक ब्रेडीकार्डिया की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसमें हृदय की धड़कन सामान्य से काफी धीमी हो जाती है। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने करीब 24 घंटे तक उन्हें निगरानी में रखा।

जांच के दौरान हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने उनके उपचार के लिए पेसमेकर लगाया। इसके बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। फिलहाल डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।

CGPSC भर्ती में अनियमितता के आरोप
टामन सिंह सोनवानी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले को लेकर जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई हो चुकी है।

CBI का आरोप है कि CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी के मुताबिक, कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चयनित कराने के लिए अवैध लेन-देन किया गया।

ED भी कर रही है जांच
CGPSC मामले में कथित धनशोधन के पहलू की भी जांच की जा रही है। इसी सिलसिले में टामन सिंह सोनवानी प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के घेरे में हैं और जेल में निरुद्ध हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here