रायपुर। छत्तीसगढ़ के डौंडीलोहारा में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग ने बारिश रोकने को लेकर अनोखा दावा किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मंच से सांसद ने कहा कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना करने के बाद नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। सांसद के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय डौंडीलोहारा में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान खराब मौसम का जिक्र करते हुए सांसद भोजराज नाग ने बताया कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल जारी होने के बाद वह रात करीब 12 बजे यहां पहुंचे थे। उस समय क्षेत्र में मौसम लगातार खराब था और बारिश हो रही थी।
सांसद ने मंच से कहा कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और इसके बाद नींबू काटकर बारिश रुकवा दी। उन्होंने कहा कि अब कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो चुका है, इसलिए अगर अब पानी गिरना चाहता है तो गिर सकता है। सांसद के इस बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत मंच पर मौजूद अन्य जनप्रतिनिधि मुस्कुराते नजर आए, जबकि सभा में मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए।
कांग्रेस ने कसा तंज
भाजपा सांसद के बयान पर बालोद जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने तंज कसते हुए कहा कि यदि सांसद नींबू काटकर बारिश रोक सकते हैं, तो उन्हें नींबू काटकर बाजार में शक्कर की कीमत भी कम करवा देनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी सांसद के बयान को लेकर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि सांसद को नींबू काटकर गैस सिलेंडर और बिजली के बिल की दरें भी कम करवा देनी चाहिए।
पहले भी विवादों में रहे हैं सांसद
कांकेर सांसद भोजराज नाग अपने बयानों और व्यवहार को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। धमतरी में एक सभा के दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि जनसमस्याओं पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों के लिए वह नींबू काटकर उनका भूत उतारेंगे।






