रायपुर। रायपुर के पारंपरिक और प्रमुख बाजारों को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने की पहल शुरू हो गई है। इसे लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। बैठक में बाजारों की बुनियादी सुविधाओं के साथ व्यापारियों और ग्राहकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
CAIT ने बाजारों में बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, CCTV कैमरों से सुरक्षा, बिजली की खुली तारों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट तथा पुरुष एवं महिला शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर की बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए नए फुटकर बाजारों के सुव्यवस्थित विकास का सुझाव भी दिया। CAIT का कहना है कि इससे छोटे व्यापारियों को उचित स्थान मिलेगा और प्रमुख बाजारों में यातायात का दबाव कम होगा।
ट्रांसपोर्ट नगर में मिले सभी जरूरी सुविधाएं
बैठक में शहर की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने का मुद्दा भी उठा। CAIT ने यहां ट्रक पार्किंग, धर्मकांटा, गैराज, बॉडी शॉप, वेयरहाउस, होटल, ढाबे और पेट्रोल पंप जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।
‘स्मार्ट बाजार’ से व्यापार को मिलेगी नई दिशा
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि रायपुर तेजी से आधुनिक महानगर के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में बाजारों को भी आधुनिक मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना समय की जरूरत है। स्मार्ट बाजार की अवधारणा से न केवल व्यापारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बाजारों में आने वाले नागरिकों और ग्राहकों को भी स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से बाजारों से जुड़े कई मुद्दों का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सकता है। CAIT इस दिशा में नगर निगम के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
महापौर बोलीं- पारंपरिक बाजारों की पहचान भी रहेगी कायम
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प के अनुरूप पारंपरिक बाजारों और स्थानीय व्यापार को मजबूत करना जरूरी है। बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ उनकी पहचान, विरासत और व्यापारिक महत्व को बनाए रखना भी आवश्यक है।
उन्होंने CAIT के सुझावों को महत्वपूर्ण और व्यवहारिक बताते हुए कहा कि नगर निगम और CAIT मिलकर इस दिशा में आगे काम करेंगे। बाजारों में स्वच्छता, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से पहल की जाएगी।
व्यापारियों को बेहतर माहौल देने पर जोर
CAIT के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि नगर निगम के सहयोग से रायपुर के प्रमुख बाजारों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और व्यापार-अनुकूल ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ेंगे। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में CAIT की ओर से अमर पारवानी, विक्रम सिंहदेव, परमानंद जैन, अवनीत सिंह, राम मंधान, भरत जैन, शंकर बजाज, दीपक विधानी, कन्हैया गुप्ता, प्रेम पाहुजा, गोविंद माहेश्वरी, बलराम रोहरा और कुशल रोहरा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






