रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार और भरोसे का त्योहार है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करती है। रक्षाबंधन इस साल 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह शुरू हो रही है और 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी।
ज्योतिष रितेश शास्त्री के अनुसार 28 अगस्त को पूर्णिमा तिथि सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। अलग-अलग शहरों में सूर्योदय के समय में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है, इसलिए राखी बांधने का शुरुआती समय भी शहर के अनुसार बदल सकता है।
रायपुर के लिए उपलब्ध पंचांग में सूर्योदय करीब 5:46 बजे बताया गया है। ऐसे में सूर्योदय के बाद से सुबह 9:48 बजे तक राखी बांधना सबसे शुभ समय माना जा सकता है।
इस बार भद्रा की बाधा नहीं, सूर्योदय से पहले ही हो जाएगी समाप्त
रक्षाबंधन पर राखी बांधते समय भद्रा काल का विशेष ध्यान रखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भद्रा काल में राखी बांधने से बचा जाता है। इस साल राहत की बात यह है कि पंचांग की गणना के अनुसार भद्रा 28 अगस्त को सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगी। इसलिए सुबह राखी बांधने के समय भद्रा की बाधा नहीं रहेगी।
यही कारण है कि 28 अगस्त की सुबह का समय राखी बांधने के लिए सर्वोत्तम है। शास्त्रों के अनुसार, भद्रा का साया न होने के कारण वैकल्पिक तौर पर बहनें दिन में 12 बजकर 28 मिनट से 2 बजकर 2 मिनट तक अपने भाइयों की कलाई पर स्नेह का रक्षासूत्र बांध सकेंगी।






