बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, पांच दिन तक बारिश के आसार

0
25
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, पांच दिन तक बारिश के आसार

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में लगभग सभी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह से भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। शहर के कई हिस्सों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले पांच दिनों तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश, जबकि कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास बनी हुई है। सामान्य की तुलना में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश में महज 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

कई जिलों में तेज बारिश, हवा और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले इसमें शामिल हैं।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा 12 सेमी बारिश
बीते 24 घंटे में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी, राजपुर में 10 सेमी तथा कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी, बलरामपुर में 6 सेमी तथा कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी वर्षा हुई।

इसके अलावा गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में इससे कम वर्षा हुई।

जलभराव से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है। निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here