छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर: देवेंद्र यादव खेमे को झटका, भूपेश बघेल खेमे में खुशी की लहर

0
6

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है. प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम आने से पहले ही हनी परमीत बग्गा निर्विरोध निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष बन गए हैं. इस घटनाक्रम को देवेंद्र यादव खेमे के लिए झटके और भूपेश बघेल खेमे में खुशी की लहर के तौर पर देखा जा रहा है.

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के विभिन्न पदों के लिए 30 अगस्त से ऑनलाइन मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इसके साथ ही प्रदेशभर में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में भी जुटे हुए हैं. प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. जांच के दौरान अधिक आयु होने के कारण आदित्य भगत का नामांकन निरस्त हुआ, जिसके बाद 18 प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में रह गए.

युवा कांग्रेस चुनाव में विभिन्न सामाजिक वर्गों के लिए निर्धारित श्रेणियों के तहत अल्पसंख्यक समाज से हनी परमीत बग्गा और गुलजेब अहमद ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था. जांच के दौरान गुलजेब अहमद का नामांकन निर्धारित आयु सीमा से अधिक होने के कारण निरस्त हो गया. इसके बाद हनी परमीत सिंह बग्गा निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित हो गए.

चुनाव खत्म होने से पहले ही एक पद पर निर्वाचन

इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव अभी जारी है और उसका परिणाम भी सामने नहीं आया है, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही हनी बग्गा का प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचन हो गया है. प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में उनका प्रदर्शन चाहे जो भी हो, वे निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में युवा कांग्रेस में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे.

भूपेश बघेल खेमे के लिए बड़ी उपलब्धि

हनी परमीत बग्गा को पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के करीबी खेमे से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे में चुनाव प्रक्रिया के बीच उनका निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित होना भूपेश बघेल खेमे के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है. वहीं, इसे देवेंद्र यादव खेमे के लिए एक झटके के रूप में भी देखा जा रहा है.

 

हनी बग्गा ने जताया आभार

निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद हनी परमीत बग्गा ने कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरकर संगठन और युवा साथियों के बीच अपनी भूमिका मजबूत करने का प्रयास किया है. चुनाव प्रक्रिया में अल्पसंख्यक समाज से दो प्रत्याशियों ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था. इनमें से एक प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के बाद उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने इस अवसर के लिए अपने नेता भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं, राष्ट्रीय नेतृत्व और युवा कांग्रेस के सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया. हनी बग्गा ने कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा छत्तीसगढ़ के युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ युवा कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here