गणेश उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने पुलिस ने कसी कमर, पंडाल से विसर्जन तक समितियों को दिए निर्देश

0
5

रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को यातायात सभागार, कालीबाड़ी में पुलिस अधिकारियों और शहर की गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 50 गणेश उत्सव समितियों के लगभग 100 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने समितियों को सुरक्षित पंडाल स्थापना से लेकर दर्शन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और विसर्जन झांकी तक के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला मौजूद रहे। इसके अलावा सभी जोन के एडिशनल डीसीपी, ट्रैफिक एसीपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

बिजली तार और ट्रांसफार्मर से दूर होंगे पंडाल

पुलिस अधिकारियों ने समितियों से कहा कि गणेश पंडाल के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का ही चयन किया जाए। पंडाल स्थापित करने से पहले पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करना होगा। पंडाल ऐसे स्थान पर नहीं लगाया जाए, जहां से बिजली के तार गुजरते हों या ट्रांसफार्मर बेहद नजदीक हो।

आगजनी की किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था रखने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। बड़े पंडालों में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्ते रखने, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने और नजदीकी अस्पताल, पुलिस थाना, फायर ब्रिगेड तथा आपातकालीन संपर्क नंबर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा गया।

वालंटियर संभालेंगे भीड़ की व्यवस्था

गणेश समितियों को पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने और सभी वालंटियरों को पहचान-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वालंटियरों की तैनाती पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने समितियों से कहा कि भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने, पंडाल के सामने अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने और प्रसाद वितरण के लिए मुख्य मार्ग से अलग स्थान निर्धारित करने को कहा गया। पंडाल परिसर में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले व्यक्तियों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क पर पार्किंग हुई तो बिगड़ेगा यातायात

गणेश उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने समितियों को विशेष रूप से सतर्क किया। पंडालों के आसपास दर्शनार्थियों और आयोजकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया। मुख्य सड़क या आवागमन वाले मार्ग पर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग नहीं होने देने की जिम्मेदारी समितियों को भी निभाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में आपातकालीन वाहनों के आवागमन का रास्ता बाधित नहीं होना चाहिए। पंडालों के आसपास यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालने की बात कही गई।

विसर्जन झांकी में हथियार और ज्वलनशील सामग्री पर रोक

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी समितियों को प्रशासन और पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। विसर्जन झांकी निर्धारित रूट, स्थान और समय के अनुसार निकालने के निर्देश दिए गए। डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप करने तथा जुलूस के दौरान नशे का सेवन नहीं करने की हिदायत दी गई।

विसर्जन झांकी में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या आपत्तिजनक वस्तु लेकर चलने पर रोक रहेगी। समितियों को निर्धारित क्रम और लाइन का पालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने कहा गया। पटाखों, ज्वलनशील पदार्थों और आग से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

समन्वय से शांतिपूर्ण होगा उत्सव

पुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि उत्सव को श्रद्धा, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ समितियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। पुलिस और समितियों के बीच बेहतर समन्वय से शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में गणेश उत्सव संपन्न कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here