रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक को गाड़ी में बैठाकर सुनसान गली में ले जाकर मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल को कांकेर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रार्थी का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात शुभम श्रीवास्तव को आरोपी अजय रक्सेल अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास गली में ले गया था। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने शुभम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान अजय रक्सेल ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से उस पर हमला कर दिया। चाकू के वार से शुभम के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शुभम की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज कर बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला कायम किया था।
कांकेर में छिपे होने की मिली सूचना
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने प्रार्थी से पूछताछ के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण के जरिए भी आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी अजय रक्सेल के कांकेर में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने कांकेर पहुंचकर लगातार पतासाजी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामले
पुलिस के अनुसार अजय रक्सेल का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वर्ष 2022 में थाना तेलीबांधा और वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन में मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है और वह जेल में निरुद्ध रह चुका है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।






