पाकिस्तानी जेट को मार गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे यात्री विमान

0
15
पाकिस्तानी जेट को मार गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे यात्री विमान

नई दिल्ली। 2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराने के बाद चर्चा में आए पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने अब सैन्य सेवा को अलविदा कह दिया है। करीब 20 साल तक वायुसेना में फाइटर जेट उड़ाने के बाद अभिनंदन ने अब कमर्शियल एविएशन की दुनिया में कदम रखा है। वे अगस्त 2026 में क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं। यहां वे ATR 72-600 यात्री विमान उड़ाएंगे।

अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट लिया था। खास बात यह है कि उनका सामान्य रिटायरमेंट वर्ष 2037 माना जा रहा था, यानी वे करीब 11 साल पहले ही सैन्य सेवा से अलग हो गए।

2019 में एक मिशन ने बना दिया था देश का हीरो
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की।

इसके अगले दिन 27 फरवरी को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे। उन्हें पाकिस्तानी विमानों को रोकने के लिए ऑपरेशनल मिशन पर भेजा गया।

आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के मुताबिक, अभिनंदन ने एक दुश्मन विमान का पीछा किया और हवाई लड़ाई के दौरान उसे मार गिराया। इसी दौरान उनके MiG-21 को भी एक मिसाइल ने निशाना बनाया। विमान क्षतिग्रस्त होने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया और पैराशूट से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के इलाके में जा गिरे।

60 घंटे पाकिस्तान की हिरासत में रहे
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने अभिनंदन को हिरासत में ले लिया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद भारत ने पाकिस्तान से उनकी सुरक्षित और जल्द रिहाई की मांग की।

28 फरवरी 2019 को पाकिस्तान ने अभिनंदन को रिहा करने की घोषणा की। इसके बाद 1 मार्च को करीब 60 घंटे की हिरासत के बाद वे अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटे। उनकी वापसी के दौरान बड़ी संख्या में लोग सीमा पर मौजूद थे।

बहादुरी के लिए मिला वीर चक्र
हवाई लड़ाई के दौरान दिखाई गई बहादुरी के लिए अभिनंदन को वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह भारत का तीसरा सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है।

अब MiG-21 नहीं, ATR 72-600 उड़ाएंगे
वायुसेना में अभिनंदन की पहचान MiG-21 बाइसन के फाइटर पायलट के तौर पर थी। अब वे करीब 70 यात्रियों की क्षमता वाले ATR 72-600 विमान के पायलट होंगे।

ATR 72-600 मुख्य रूप से कम दूरी की क्षेत्रीय उड़ानों में इस्तेमाल किया जाता है। FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी कमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइन का फोकस छोटे और मध्यम शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है। इसके प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं।

पेंशन के साथ निजी एयरलाइन से लाखों की कमाई संभव
करीब दो दशक की सैन्य सेवा के बाद अभिनंदन को वायुसेना से पेंशन मिलेगी। उपलब्ध वेतनमान के आधार पर ग्रुप कैप्टन का मूल वेतन करीब 1.40 लाख से 2.18 लाख रुपए तक हो सकता है। इसके अलावा मिलिट्री सर्विस पे भी मिलता है।

अनुमान के मुताबिक उनकी मासिक पेंशन करीब 88 हजार से 98 हजार रुपए के बीच हो सकती है। हालांकि वास्तविक पेंशन अंतिम वेतन, सेवा अवधि और अन्य रिकॉर्ड के आधार पर तय होगी।

वहीं, निजी क्षेत्र में अनुभवी कमर्शियल पायलटों की कमाई कई लाख रुपए प्रतिमाह हो सकती है। वरिष्ठ कैप्टन के स्तर पर यह आय 10 लाख रुपए या उससे ज्यादा तक पहुंचने की संभावना रहती है। हालांकि FLY91 में अभिनंदन की वास्तविक सैलरी सार्वजनिक नहीं की गई है।

फाइटर जेट से पैसेंजर प्लेन तक बदली भूमिका
सैन्य फाइटर पायलट के तौर पर लंबा अनुभव रखने के बावजूद अभिनंदन को कमर्शियल विमान उड़ाने के लिए नागरिक विमानन के नियमों के मुताबिक जरूरी लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस, ट्रेनिंग और विमान की टाइप रेटिंग जैसी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here