नई दिल्ली। संसद मार्च के करीब 46 दिन बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर सड़क पर उतरी। शुक्रवार को CJP समर्थकों ने कार्यकर्ता नीशू भारद्वाज के पिता संजय के साथ कथित मारपीट के विरोध में मार्च निकाला और पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
CJP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नीशू भारद्वाज के पिता संजय के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुए करीब डेढ़ महीने का समय बीत चुका है, लेकिन पार्टी का दावा है कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इस मामले को लेकर हाल ही में स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। CJP का दावा है कि वीडियो में स्वतंत्र संजय के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि उन्होंने ऐसा आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में किया था।
वीडियो सामने आने के बाद CJP नेता सौरव दास ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी स्वयं मारपीट की बात स्वीकार कर रहा है, तो पुलिस की ओर से अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।






