रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवेन्द्र नगर, रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यगण एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत शिशु विभाग (कक्षा अरुण से द्वितीय) के लिए प्रातः 9:30 से 11:30 बजे तक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण सजाओ, गीत-भजन एवं नृत्य, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रश्नोत्तरी तथा विविध वेशभूषा जैसी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर सभी का मन मोह लिया।
वहीं प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विभाग (कक्षा तृतीय से द्वादश) के विद्यार्थियों के लिए दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें नृत्य एवं मटकी फोड़ प्रमुख आकर्षण रहे। मटकी फोड़ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पीले रंग की वेशभूषा में आने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बेस्ट कृष्ण, बेस्ट राधा एवं बेस्ट यशोदा मैया के रूप में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, मटकी एवं रंग-बिरंगी सजावट से उत्सव का वातावरण और भी आकर्षक बन गया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और भारतीय परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष/व्यवस्थापक, प्राचार्य एवं समस्त आचार्यगण के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






