सड़क की बदहाली देख भड़के कृषि मंत्री नेताम, एसडीओ और सब इंजीनियर पर कार्रवाई के निर्देश

0
8
सड़क की बदहाली देख भड़के कृषि मंत्री नेताम, एसडीओ और सब इंजीनियर पर कार्रवाई के निर्देश

बलरामपुर। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन होने के चलते भारी वाहनों और अधिकांश यात्री बसों की आवाजाही फिलहाल इसी मार्ग से हो रही है। वहीं निजी चार पहिया वाहन चालक अंबिकापुर से बलरामपुर और रामानुजगंज आने-जाने के लिए प्रतापपुर-डवरा-सेमरसोत मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। वाहनों का दबाव बढ़ने के बीच लोक निर्माण विभाग के इस मार्ग की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है।

जर्जर सड़क देख मौके पर रुके मंत्री
कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान प्रतापपुर-डवरा-सेमरसोत मार्ग से गुजर रहे थे। इस दौरान सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई डामर की परत देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया। मंत्री ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क की स्थिति और आवागमन में हो रही परेशानियों की जानकारी ली।

सड़क की बदहाल स्थिति देखकर मंत्री नेताम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क पर पेच रिपेयरिंग और आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जाता तो आज सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने सड़क के रखरखाव में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कलेक्टर से फोन पर की चर्चा
मौके से ही मंत्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और सड़क की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश के बाद संबंधित एसडीओ एवं सब इंजीनियर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

समय पर मरम्मत नहीं होने से बिगड़ी सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की नियमित देखरेख और मरम्मत नहीं होने के कारण पहले छोटे गड्ढे बने, जो समय के साथ बड़े होते गए। कई स्थानों पर सड़क की डामर की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। इससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

मंत्री नेताम ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सड़कों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन द्वारा सड़क मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाती है, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि समय-समय पर पेच रिपेयरिंग सहित आवश्यक मरम्मत का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here