रायपुर। व्यापार के बदलते दौर में अकेले आगे बढ़ने के बजाय एक-दूसरे के साथ सहयोग और मजबूत नेटवर्किंग के जरिए कारोबार को विस्तार देने की जरूरत है। इसी सोच के साथ युवा कैट की ओर से युवा उद्यमियों और व्यापारियों के लिए बिजनेस मीट का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवा कारोबारियों ने हिस्सा लिया और आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग तथा रेफरल नेटवर्क को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
कार्यक्रम में युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने कहा कि बिजनेस मीट का उद्देश्य युवा व्यापारियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे एक-दूसरे के कारोबार को समझने के साथ नए व्यावसायिक अवसर तलाश सकें। उन्होंने कहा कि मजबूत नेटवर्किंग और आपसी विश्वास व्यापार के विस्तार की महत्वपूर्ण कुंजी है।
ग्राहक का भरोसा ही व्यापार की सबसे बड़ी पूंजी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेश्वरी पब्लिसिटी सर्विस के मैनेजिंग पार्टनर पंकज माहेश्वरी ने युवा उद्यमियों को व्यापार की सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि आज के समय में व्यापारी की सफलता केवल मुनाफे से तय नहीं होती, बल्कि ग्राहक का भरोसा, बेहतर गुणवत्ता और मजबूत व्यावसायिक संबंध लंबे समय तक कारोबार को मजबूती प्रदान करते हैं।
उन्होंने व्यापार की सफलता के लिए पांच प्रमुख मंत्र बताए—Customer First, Quality, Trust, Ethics & Transparency और Own Brand Development।
माहेश्वरी ने कहा कि व्यापारी को अपने व्यवसाय में ग्राहक को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और कारोबार में पारदर्शिता तथा नैतिक मूल्यों को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने युवा उद्यमियों से कहा कि वे केवल तत्काल मुनाफे पर ध्यान देने के बजाय अपने व्यवसाय की ऐसी पहचान और ब्रांड तैयार करें, जो लंबे समय तक बाजार में अपनी विश्वसनीयता कायम रख सके।
रेफरल नेटवर्क से बढ़ेंगे कारोबार के अवसर
बिजनेस मीट के दौरान विभिन्न उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसाय, उत्पादों और सेवाओं का परिचय दिया। सदस्यों ने एक-दूसरे के कारोबार को समझते हुए संभावित व्यापारिक सहयोग और रेफरल के अवसरों पर चर्चा की। इस दौरान स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहयोग करने का संकल्प भी लिया गया।
पंकज माहेश्वरी ने कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के नेतृत्व में युवा कैट द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही मासिक बिजनेस मीट की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा व्यापारियों को सीखने, अनुभव साझा करने और नए व्यावसायिक संबंध बनाने का अवसर देते हैं। इससे व्यापारियों के बीच संवाद और विश्वास मजबूत होता है।
सहयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल और प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने कहा कि युवा कैट का उद्देश्य व्यापारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग की संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि एक व्यापारी दूसरे व्यापारी के लिए ग्राहक, संपर्क और अवसर का माध्यम बन सकता है। यदि व्यापारी एक-दूसरे के व्यवसाय को प्राथमिकता देते हुए रेफरल साझा करें और जरूरत के समय सहयोग करें, तो इससे पूरे व्यापारिक समुदाय को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह बिजनेस मीट सिर्फ परिचय तक सीमित नहीं है, बल्कि नए व्यापारिक संबंधों, नए अवसरों और कारोबार के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में सदस्यों ने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसी बैठकों के आयोजन के माध्यम से व्यापारिक नेटवर्क को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
कार्यक्रम में कैट के प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह सहित हिमांशु वर्मा, रोनक पटेल, मितेश पटेल, गिरीश पटेल, विशाल वरयानी, रोहित पटेल, नागेश साहू, अमित गुप्ता, निपेश प्रजापति, नागेंद्र तिवारी, सुरेश वासवानी, विक्रम शर्मा, बी.एस. परिहार, हर्ष वर्धन गुप्ता, रविन्द्र उबेजा, भावेश ठाकर, प्रिंस जैन, सोपान अग्रवाल, निलेश मुंद्रा, नरेश मखीजा, राज खेलवानी, मानव गुप्ता, मनीष जिंदल, विवेक सिंह, विकास अग्रवाल, अनमोल साहू, अरुण डागा, वैभव साहू, रवि तुली, वैभव सालुंखे, पीयूष गोखलानी, मोहित इसरानी, नितेश बंसल, रोशन लाल शर्मा, राजेश बिहानी, आनंद यादव, मनीष वर्मा, सूरज हेडाओ, आकाश जैन, अमित पटेल, राघव, प्रदीप सिंह, चंदन निषादराज, दीपक कुमार जैन, पलाश अग्रवाल और मनीष अंबवानी सहित बड़ी संख्या में युवा व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।






