रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। तीज के पारंपरिक रंग में रंगे इस आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा विशेष रूप से शामिल हुईं।
अतिथियों ने न सिर्फ महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान हुए कार्यक्रम में चार्मिंग क्वीन का खिताब आईएनएच की निक्की श्रीवास्तव को, हरियाली तीज- क्वीन बनीं आईएनएच की ही मधुमिता पाल, फैशन क्वीन चुनी गईं- आईएनएच से ही श्वेता शर्मा, तीज ग्लैमर क्वीन के खिताब से-आईएनएच की ही नेहा श्रीवास्तव को नवाजा गया।

रैंप वॉक रहा खास आकर्षण
तीज महोत्सव का सबसे खास आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी, सौंदर्य और आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े स्वयं सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में नजर आईं, जिसने कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों का दिल जीत लिया।
भावना बोहरा के सहज और आत्मीय अंदाज आया पसंद
विधायक भावना बोहरा ने भी रैंप पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। उनका सहज और आत्मीय अंदाज महिला पत्रकारों को खूब पसंद आया। वहीं राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। जनप्रतिनिधियों की इस आत्मीय सहभागिता ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।

खेल और मनोरंजन ने जमाया रंग
तीज महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और हंसी-मजाक व मस्ती के बीच आयोजन का आनंद लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडे और श्वेता पड्डा भी शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया तथा महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किया गया। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अतिथियों ने कहा—महिलाओं के उत्सव को मंच देना सराहनीय
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा महिला पत्रकारों के लिए तीज महोत्सव आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं और ऐसे आयोजन उन्हें कार्य के साथ उत्सव और आपसी संवाद का अवसर देते हैं।
तीज आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व : लक्ष्मी वर्मा
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि, तीज महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व है। प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों के साथ तीज मनाकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने महिला पत्रकारों की सक्रियता और उनके योगदान की सराहना करते हुए सभी को तीज की शुभकामनाएं दीं।

ऐसे आयोजनों से बढ़ती है आत्मीयता : भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि, महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखने का काम कर रही हैं। तीज महोत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर साथ मिलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब की यह पहल महिला पत्रकारों के बीच आत्मीयता और सहभागिता को और मजबूत करेगी।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित आयोजन के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल, भारद्वाज ,सुजाता साहा अंबिका मिश्रा और बड़ी संख्या में महिला पत्रकार सदस्य उपस्थित रहीं।






