रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत दुर्ग संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं जिला मास्टर ट्रेनर्स के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, कांग्रेस के सह प्रभारी सचिव एस. सम्पत, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रतिमा चंद्राकर सहित दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और योगाभ्यास के साथ हुई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रशिक्षणार्थियों के साथ खुली चर्चा की। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संगठनात्मक अनुभव, सुझाव और जमीनी स्तर की चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
छात्र हितों के मुद्दों पर मुखर हुए डॉ. महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वर्तमान राजनीति में छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, स्कूल-कॉलेजों की व्यवस्था, शिक्षकों की कमी, बंद पड़ी भर्ती प्रक्रिया और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
समापन उद्बोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन के महत्व, संगठन निर्माण और पदाधिकारियों के दायित्वों को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनता से लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के सक्रिय योगदान, सहभागिता, अनुभव और सुझावों को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया। शिविर का संचालन युगल पांडे ने किया।
कांग्रेस के अनुसार, संगठन सृजन अभियान के तहत बस्तर और दुर्ग संभाग में ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब अगले चरण में बिलासपुर, सरगुजा और रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।






