रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ने से बारिश की रफ्तार थम सी गई है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और धूप निकलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है।
बारिश में 5 फीसदी की कमी
प्रदेश में मानसूनी वर्षा फिलहाल सामान्य के आसपास बनी हुई है, हालांकि अब तक सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। सोमवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। अगले दो दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इसे देखते हुए लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में भी छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में 8 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बुधवार से राजधानी सहित आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को कुसमी (बलरामपुर) में सबसे अधिक 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, जबकि कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) और नानगुर (बस्तर) में 2-2 सेमी वर्षा हुई।
वहीं वाड्रफनगर (बलरामपुर), गादीरास (सुकमा), अमलीपदर (गरियाबंद), बस्तर, बकावंड (बस्तर), पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) और गंगालूर (बीजापुर) में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का संकेत
फिलहाल मानसूनी सिस्टम कमजोर होने से बारिश की गतिविधियां सीमित हैं, लेकिन बुधवार से इसके फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के कई इलाकों में बादल, बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।






