एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक होगा दूसरा सिलिंडर

0
5
एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक होगा दूसरा सिलिंडर

नई दिल्ली। देशभर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता एक सिलिंडर लेने के 25 दिन बाद अगले सिलिंडर की बुकिंग करा सकेंगे। सरकार ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए लागू अलग-अलग समय-सीमा को समाप्त करते हुए दोनों के लिए समान व्यवस्था लागू कर दी है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इस फैसले की पुष्टि की। नए नियम के तहत अब घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को रिफिल बुक कराने के लिए केवल 25 दिनों का इंतजार करना होगा।

पहले ग्रामीण क्षेत्रों में था 45 दिन का नियम
इससे पहले 25 दिनों के अंतराल पर रिफिल बुक कराने की सुविधा मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में लागू थी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए दो सिलिंडरों के बीच 45 दिनों की अनिवार्य समय-सीमा निर्धारित की गई थी। अब सरकार ने इस अंतर को खत्म कर पूरे देश में एक समान नियम लागू कर दिया है।

IOCL, BPCL और HPCL को तत्काल लागू करने के निर्देश
पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश की तीनों प्रमुख सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL)—के प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा है।

आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के बाद फैसला
मंत्रालय के अनुसार, मध्य पूर्व में उत्पन्न राजनीतिक और सैन्य तनाव के दौरान एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उस समय घरेलू गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ-साथ मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों की अस्थायी समय-सीमा लागू की गई थी।

अब एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है और पुराना बैकलॉग भी खत्म हो चुका है। ऐसे में सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में भी 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक कराने की अनुमति दे दी है।

ग्रामीण परिवारों को सबसे ज्यादा फायदा
सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लाखों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। 45 दिनों की लंबी समय-सीमा के कारण जिन परिवारों को अतिरिक्त सिलिंडर की जरूरत के समय परेशानी होती थी, वे अब अपेक्षाकृत कम अंतराल में अगला सिलिंडर बुक करा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here