रायपुर/नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार ने एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है।
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समिति के अध्यक्ष और राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन उपाध्यक्ष होंगे। समिति का उद्देश्य संविधान, राजभाषा अधिनियम और संबंधित नियमों में राजभाषा के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही मंत्रालय के प्रशासनिक कार्यों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
नियुक्ति पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय एकता और जन-गण-मन को जोड़ने वाला सेतु है। मंत्रालय के कामकाज में राजभाषा हिंदी का अधिक प्रयोग होने से सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के प्रति आभार जताया।






