महाराष्ट्र मंडल की गणेशोत्सव प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, रंगों से सजाया बप्पा का रूप

0
9

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के तहत नगर स्तरीय शालेय विद्यार्थी निबंध लेखन, सुलेख, रंग भरो और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गणेशोत्सव के चौथे दिन संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। किसी ने क्रेयॉन और ऐक्रेलिक रंगों से भगवान गणेश की आकर्षक तस्वीरें बनाईं तो किसी ने पेंसिल स्केचिंग के जरिए बप्पा को खूबसूरत रूप दिया।

प्रतियोगिता में महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के अलावा श्री रेडियंट पब्लिक स्कूल, लक्ष्मीनारायण स्कूल, विजन पब्लिक स्कूल, मायाराम सुरजन और गुजराती स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रंगों से सजे कैनवास और बच्चों की सुंदर लिखावट से प्रतियोगिता स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागियों की कलाकृतियों और प्रस्तुतियों का अवलोकन कर विजेताओं का चयन किया।

महाराष्ट्र मंडल युवा समिति की समन्वयक डॉ. शुचिता देशमुख ने बताया कि बच्चों को गणेशोत्सव के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवा समिति प्रमुख श्रावणी मुकादम ने कहा कि बच्चों ने श्रीगणेश के स्केच में आकर्षक रंग भरकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

रंग भरो प्रतियोगिता में रेडियंट वे की काव्या शर्मा ने प्रथम, प्रिया पारधी ने द्वितीय और संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की विद्या रोहिदास ने तृतीय स्थान हासिल किया।

चित्रकला प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित हुई। कक्षा पहली से पांचवीं वर्ग में रेडियंट वे की परिधि पांडे प्रथम, विजन पब्लिक स्कूल के अनय विश्वकर्मा द्वितीय और संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की प्रियल ठक्कर तृतीय रहीं। वहीं कक्षा छठवीं से आठवीं वर्ग में रेडियंट वे की तेजाश्री दास ने प्रथम, गुजराती स्कूल के निखिल पटेल ने द्वितीय और रेडियंट वे के अवनीश वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रेरणा दीवान प्रथम, रिद्धी साहू द्वितीय और तेजस्वनी यादव तृतीय रहीं। सुलेख प्रतियोगिता में लक्ष्मी नारायण स्कूल की लक्ष्मी राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर गोभागनी सोम और तीसरे स्थान पर मायाराम सुरजन स्कूल की गंगा कंडरा रहीं।

विजेता विद्यार्थियों को महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समिति के उदित बक्षी ने प्रतियोगिता के आयोजन और परिणामों की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here