CG Weather: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आज से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

0
5

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के कारण बढ़ी गर्मी और उमस के बीच अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

रायपुर में शाम को हुई तेज बारिश

शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शाम को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। सुबह तेज धूप रही, जबकि दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे। शाम को नमी बढ़ने के साथ घने बादल बने और गरज-चमक के साथ बारिश हुई।

तापमान में हो रही थी बढ़ोतरी

प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण कई क्षेत्रों में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री अधिक था। वहीं अंबिकापुर और जगदलपुर में तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

अंडमान सागर में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर के ऊपर 19 सितंबर की शाम तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से समुद्र से प्रदेश की ओर नमी का प्रवाह बढ़ेगा और मानसून की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। पथरिया में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सूरजपुर और बम्हनीडीह में 30-30 मिलीमीटर, जबकि उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहार और करतला में 20-20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here