छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल टली, स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद 28 सितंबर तक स्थगित

0
9
छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल टली, स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद 28 सितंबर तक स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों की ओर से 21 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। रविवार को जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर डॉक्टरों और जूनियर डॉक्टरों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। बातचीत के बाद मंत्री ने मांगों के समाधान के लिए सात दिन का समय मांगा, जिसके बाद JDA ने आंदोलन को 28 सितंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया।

JDA के मुताबिक, बैठक में संगठन की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों के निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए सात दिन का समय मांगा है।

आंदोलन स्थगित किए जाने के दौरान जूनियर डॉक्टर अपनी नियमित ड्यूटी करते रहेंगे और अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं जारी रहेंगी। संगठन ने कहा है कि बातचीत के जरिए मांगों का समाधान उसकी प्राथमिकता है। साथ ही मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।

विरोध कार्यक्रम जारी रहेंगे
अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित किए जाने के बावजूद JDA ने स्पष्ट किया है कि मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा। संगठन की ओर से ब्लैक रिबन प्रोटेस्ट, कैंडल मार्च, रैली और अन्य शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सात दिन बाद तय होगी आगे की रणनीति
JDA ने उम्मीद जताई है कि सात दिनों के भीतर सरकार की ओर से मांगों के समाधान को लेकर ठोस निर्णय लिया जाएगा। संगठन के अनुसार, यदि निर्धारित समय में मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं होता है तो जनरल बॉडी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल समेत अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने पर भी निर्णय लिया जा सकता है। JDA ने कहा कि डॉक्टरों की मांगों के साथ मरीजों के हित और चिकित्सा सेवाओं की निरंतरता उसकी प्राथमिकता बनी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here