रायपुर। व्यापारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए युवा कैट (CAIT) छत्तीसगढ़ की ओर से “स्वास्थ्य भी, व्यापार भी” अभियान के तहत 24 सितंबर को मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर परवानी के जन्मदिवस के अवसर पर स्वास्थ्य, सेवा और जनहित की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है।
युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि मेगा हेल्थ कैंप 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक CAIT कार्यालय, हीरा आर्केड, पंडरी के सामने, रायपुर में आयोजित होगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श के साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पदाधिकारियों ने बताया कि व्यापारी दिनभर व्यवसाय, ग्राहकों और अन्य व्यापारिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में कई बार वे नियमित स्वास्थ्य जांच और अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए युवा कैट ने “स्वास्थ्य भी, व्यापार भी” अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य व्यापारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल और प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ परिवार और मजबूत व्यापार की नींव रख सकता है। व्यापार की निरंतर प्रगति के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से आयोजित शिविर में विभिन्न व्यापारी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों, सदस्यों, व्यापारियों और उनके परिवारों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से व्यापारिक समुदाय में नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। युवा कैट का उद्देश्य है कि व्यापारी अपने व्यस्त व्यावसायिक जीवन के बीच स्वास्थ्य के लिए भी समय निकालें और स्वस्थ रहते हुए परिवार एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमर परवानी उपस्थित रहेंगे। उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवा के साथ व्यापारिक समुदाय के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।
युवा कैट ने रायपुर के व्यापारियों, युवा उद्यमियों, विभिन्न व्यापारी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा उनके परिवारों से मेगा हेल्थ कैंप में शामिल होकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ लेने की अपील की है।






