दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त, छह आरोपी गिरफ्तार

0
6

एमसीबी। जिले के पौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर हाईवे पुलिस चौकी ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, नागपुर हाईवे चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार सुबह गश्त पर थी। इसी दौरान हाईवे पर संदिग्ध हालत में जा रहे दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा मिला। पुलिस ने गांजे को वाहनों से निकालकर जब्त कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप ओडिशा से मध्यप्रदेश के कटनी ले जाने की जानकारी दी है। दोनों पिकअप वाहन ओडिशा नंबर के हैं। वाहनों में चालक समेत अन्य लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज करते हुए धारा 20(b), 2(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक OD 14 AL 9682 और OD 14 AA 3468 जब्त किए गए हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए है। इस तरह पुलिस ने कुल 4 करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33), अरुप मिर्धा (22), अलबिरनी (25) और सुनीता (22) शामिल हैं। आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले तथा मध्यप्रदेश के कटनी जिले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मादक पदार्थ के सप्लायर, परिवहनकर्ता और अंतिम गंतव्य से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह, एएसआई रामकृपाल सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाण्डेय, मुमताज खान, ललित यादव, आरक्षक अखिलेश जायसवाल, मिथलेश गुप्ता, सुनील सोनवानी, आदित्य कुर्रे, वीरेंद्र कुमार, विजय कुमार साहू, अरविंद मिश्रा, महिला आरक्षक रेखा कुजूर और सैनिक शैलेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here