रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज : शाम चार बजे से बंद रहेंगी शराब दुकानें, बार और क्लब, झांकी रूट पर नो-एंट्री

0
14
रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज : शाम चार बजे से बंद रहेंगी शराब दुकानें, बार और क्लब, झांकी रूट पर नो-एंट्री

रायपुर। गणेश उत्सव के समापन पर रायपुर में निकलने वाली विसर्जन झांकियों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। गणेश विसर्जन के मद्देनजर रायपुर नगर निगम और बिरगांव निगम क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों, बार और क्लब बार को आज शाम 4 बजे के बाद बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। रायपुर कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

शाम 6 बजे के बाद झांकी मार्ग पर वाहनों की नो-एंट्री
गणेश विसर्जन की झांकियां शारदा चौक से महादेवघाट तक जाएंगी। झांकी जुलूस को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। निर्धारित मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे झांकी मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन और एडवाइजरी का पालन करें।

डीजे और साउंड सिस्टम के लिए भी नियम
विसर्जन झांकियों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। आयोजक समितियों को निर्धारित नियमों और प्रशासन की ओर से तय शर्तों के अनुसार ही ध्वनि उपकरणों का उपयोग करना होगा। प्रशासन का उद्देश्य विसर्जन जुलूस को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ आम लोगों की आवाजाही और सुरक्षा बनाए रखना है।

झांकियों के बीच होगी पुरस्कार प्रतियोगिता
इस बार गणेश विसर्जन झांकियों को लेकर पुरस्कार प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का मूल्यांकन कराया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा। विजेताओं को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

इन मापदंडों पर होगा झांकियों का मूल्यांकन
विसर्जन के दौरान शहर से गुजरने वाली झांकियों का ज्यूरी कमेटी द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें झांकी की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन सहित निर्धारित मापदंडों को आधार बनाया जाएगा। गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें व्यवस्था संभालेंगी। लोगों से जुलूस के दौरान सहयोग करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here