सांप ने कराई 500 से ज्यादा घरों की बिजली गुल! 11 केवी खंभे पर फंसा 5 फीट लंबा नाग, घंटों अंधेरे में रहा इलाका

0
22
सांप ने कराई 500 से ज्यादा घरों की बिजली गुल! 11 केवी खंभे पर फंसा 5 फीट लंबा नाग, घंटों अंधेरे में रहा इलाका

दुर्ग। भिलाई शहर में चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास एक अनोखी घटना के चलते 500 से अधिक घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। 11 केवी बिजली लाइन के खंभे पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा सांप फंस गया था। करंट की चपेट में आने से सांप की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके कारण पूरी लाइन में फॉल्ट आ गया।

जानकारी के अनुसार, रात से बिजली बंद रहने की शिकायत मिलने पर बिजली कंपनी के कर्मचारियों की टीम चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास पहुंची। कर्मचारियों ने 11 केवी लाइन से जुड़े उपकरणों और आसपास के हिस्सों की जांच की, लेकिन प्रारंभिक जांच में फॉल्ट का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

इसके बाद बिजली कर्मियों ने लाइन की फुट पेट्रोलिंग शुरू की। इस दौरान लाइन से जुड़े प्रत्येक खंभे और उपकरण की बारीकी से जांच की गई। इसी क्रम में एक डीपी पोल पर लगे डीओ यूनिट के पास कर्मचारियों को कुछ असामान्य नजर आया। जांच करने पर डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा सांप फंसा हुआ मिला। करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो चुकी थी।

सांप के फंसे होने के कारण उसे निकालना भी कर्मचारियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पहले बिजली लाइन का प्रवाह बंद किया गया। इसके बाद सावधानीपूर्वक सांप के शव को डीओ यूनिट से बाहर निकाला गया। सांप हटाने के बाद डीओ यूनिट समेत पूरी 11 केवी लाइन की दोबारा तकनीकी जांच की गई।

आवश्यक मरम्मत और फॉल्ट दूर करने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बहाल की गई। बिजली कर्मचारियों के अनुसार, खंभे पर मिला सांप असढ़िया प्रजाति का बताया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि इस प्रजाति के सांप अक्सर बिजली के खंभों पर ऊपर तक चढ़ जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here