हर घर मुनगा अभियान को पीएम ने सराहा: मंत्री लक्ष्मी बोलीं- राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख होना गर्व की बात

0
9
हर घर मुनगा अभियान को पीएम ने सराहा : मंत्री लक्ष्मी बोलीं- राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख होना गर्व की बात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पोषण जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘हर घर मुनगा–घर-घर मुनगा’ अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में उल्लेख किया। इस संस्करण को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिल्ली प्रवास के दौरान हवाई अड्डे पर सुना है।

प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की इस पहल का उल्लेख किए जाने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया।

राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख होना गर्व की बात 
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा–घर-घर मुनगा’ अभियान का ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख किया जाना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री जी ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और जनभागीदारी के माध्यम से पोषण को मजबूत करने के प्रयास को देश के सामने रखा है। इसके लिए छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभियान से जुड़े सभी लोगों की ओर से प्रधानमंत्री का हृदय से आभार।

सीएम ने किया था अभियान का शुभारम्भ
उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीजा-पोरा के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास से ‘हर घर मुनगा–घर-घर मुनगा’ अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया गया था। अभियान के माध्यम से मुनगा के पौधे को घर-घर पहुंचाने के साथ ही उसके पोषण संबंधी महत्व के प्रति परिवारों को जागरूक किया जा रहा है।

मुनगा को परिवारों के भोजन और पोषण से जोड़ना है उद्देश्य
मंत्री ने बताया कि, अभियान को आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और ग्रामीण परिवारों की बाड़ियों से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय रूप से उपलब्ध मुनगा को परिवारों के भोजन और पोषण से जोड़ना है, ताकि माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं बच्चों के पोषण को मजबूती मिल सके। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लगभग 7.88 लाख परिवारों को जोड़ने की योजना बताई गई है।

स्वस्थ एवं सुपोषित जीवन की दिशा में कदम 
राजवाड़े ने कहा कि ‘हर घर मुनगा–घर-घर मुनगा’ केवल पौधरोपण का अभियान नहीं, बल्कि पोषण जागरूकता और जनभागीदारी को परिवारों की दिनचर्या से जोड़ने का प्रयास है। मुनगा की उपलब्धता को स्थानीय भोजन और पोषण से जोड़कर परिवार स्वयं भी स्वस्थ एवं सुपोषित जीवन की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।

अभियान से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ा
उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री जी द्वारा इस अभियान का उल्लेख किए जाने से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, माताओं, बहनों, किशोरी बालिकाओं और अभियान से जुड़े सभी लोगों का उत्साह और बढ़ा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घर, बाड़ी अथवा आसपास मुनगा का पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और परिवार के भोजन में मुनगा को शामिल करने के साथ पोषण के संदेश को आगे बढ़ाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here