रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 4 कार्यालय में महापौर मीनल चौबे एवं आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन स्तरीय सेवा संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जोन अंतर्गत आने वाले सभी 7 वार्डों के नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
शिविर में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी भी शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों की समस्याओं की जानकारी ली तथा सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जोन स्तर पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान नागरिकों को 4 भवन अनुज्ञा पत्र एवं 6 राशन कार्ड तत्काल प्रदान किए गए। इसके साथ ही नामांतरण सहित अन्य आवेदनों को दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। सफाई एवं पेयजल से संबंधित प्राप्त जनसमस्याओं का भी त्वरित समाधान किया गया।
विधायक सुनील सोनी ने अधिकारियों को केन्द्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वार्डवासियों तक पहुंचाने तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में जोन 4 के जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, ब्राम्हणपारा वार्ड के पार्षद अजय साहू, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जोन स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की कार्रवाई की गई।






