निलंबित आरक्षक ने दोस्तों के साथ रची अपने ही घर में चोरी की साजिश, मां के जेवर और नकदी उड़ाई, तीन गिरफ्तार

0
9
निलंबित आरक्षक ने दोस्तों के साथ रची अपने ही घर में चोरी की साजिश, मां के जेवर और नकदी उड़ाई, तीन गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निलंबित आरक्षक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की साजिश रची और मां के लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर व नकदी पार कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए निलंबित आरक्षक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

मामला सागरदीप कॉलोनी, उसलापुर का है। यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं। बताया गया कि कुछ समय पहले बिन्दावती मिश्रा किसी काम से रीवा गई थीं। इस दौरान उनका बेटा आशीष घर पर अकेला था। रीवा से वापस लौटने पर उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

घर में चोरी की घटना के बाद बिन्दावती मिश्रा को अपने बेटे आशीष मिश्रा पर ही संदेह हुआ। उन्होंने घटना की सूचना सकरी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान मामले की परतें खुलती चली गईं।

दोस्तों के साथ मिलकर रची थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, आशीष मिश्रा ने अपने दो दोस्तों सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद तीनों ने घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

सकरी पुलिस ने निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की गई है।

वारदात में इस्तेमाल बुलेट भी जब्त
पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक क्रमांक CG 10 AZ 5100 को भी जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here