रायपुर। मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन एसोसिएशन ने एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल (NHMMI) परिसर में संचालित पार्किंग व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पांडेय ने शिकायत में अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों से कथित रूप से अवैध पार्किंग शुल्क वसूले जाने तथा कथित दुर्व्यवहार की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था संभाल रहे ठेकेदार एवं कर्मचारियों द्वारा मरीजों और उनके परिजनों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि शुल्क वसूली के लिए दी जाने वाली पर्चियों में वैध सीरियल नंबर, नगर निगम/प्रशासन की सील अथवा जीएसटी नंबर नहीं होने की बात सामने आई है। संगठन ने इसे कथित तौर पर अवैध वसूली का मामला बताते हुए जांच की मांग की है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद की स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तथा वाहनों को रोकने जैसी स्थिति भी उत्पन्न होती है। संगठन ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजन पहले से ही गंभीर परिस्थितियों और मानसिक तनाव से गुजरते हैं, ऐसे में पार्किंग व्यवस्था को लेकर होने वाली कथित अवैध वसूली और विवाद उनकी परेशानी बढ़ा सकता है।
संगठन ने अपने पत्र में मानवाधिकार आयोग और शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए व्यावसायिक एवं सार्वजनिक सेवा स्थलों पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।
संगठन ने जिला प्रशासन से अस्पताल परिसर की पार्किंग व्यवस्था की तत्काल जांच, बिना वैध सील एवं जीएसटी नंबर वाली पर्चियां जारी करने वालों के खिलाफ एफआईआर एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई, तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत दिलाने की मांग की है। संगठन ने प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।






