रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारी पूरी, 16 अक्टूबर से होंगे मुकाबले

0
6
रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारी पूरी, 16 अक्टूबर से होंगे मुकाबले
रायपुर। छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से प्रस्तावित हैं।

मैचों को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं। टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। दर्शकों को ई-टिकट की स्कैनिंग में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है। समिति में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

ई-टिकट से प्रवेश, पार्किंग की भी व्यवस्था
दर्शकों के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैनिंग के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में खाने-पीने की सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुचारू आवाजाही पर भी विशेष ध्यान दिया है।

एंबुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर रहेगा तैयार
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टेडियम के आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और वीआईपी आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की व्यवस्था भी रहेगी। मैचों के दौरान बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा निर्बाध बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।

11 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है भारतीय टीम
सीरीज से पहले भारतीय महिला टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को करीब चार दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। वहीं, टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना जताई गई है।

स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान
भारत-जिम्बाब्वे सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के रूप में भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान की भूमिका में होंगी, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं।

15 सदस्यीय भारतीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं।

तीनों मुकाबले रायपुर में खेले जाने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों के भीतर तीन अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मैच देखने का मौका मिलेगा। इससे नवा रायपुर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर बड़े क्रिकेट आयोजन का केंद्र बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here