महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक प्रगति को प्राथमिकता: डॉ. इला गुप्ता

0
6
महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक प्रगति को प्राथमिकता: डॉ. इला गुप्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महिला चेम्बर की प्रथम आम सभा 6 अक्टूबर को न्यू बॉम्बे मार्केट स्थित चेम्बर भवन में उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित हुई। कार्यक्रम का मुख्य फोकस महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिला व्यापारियों एवं उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू थीं। उन्होंने महिला चेम्बर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं आज परिवार की जिम्मेदारियों के साथ व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण, आत्मनिर्भरता और व्यापारिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने को लेकर मार्गदर्शन दिया।

महिला चेम्बर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और आर्थिक प्रगति हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आगे बढ़ती है तो उसका लाभ केवल उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा समाज और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने प्रदेशभर से आम सभा में शामिल हुई महिला उद्यमियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं का स्वागत किया।

चेम्बर सलाहकार एवं महिला चेम्बर प्रभारी तिलोकचंद बरडिया ने कहा कि महिला चेम्बर का यह प्रयास छत्तीसगढ़ के व्यापारिक परिदृश्य में नए युग की शुरुआत है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। चेम्बर प्रबंधन महिला उद्यमियों, व्यापारियों और स्टार्टअप्स को व्यापारिक, प्रशासनिक एवं रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

महिला उद्यमियों को मिल रहा नया मंच
आम सभा में महिला चेम्बर की ओर से संचालित विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई। ‘मेरे सपनों का आंगन’ के माध्यम से महिलाओं के घरेलू व्यवसायिक विचारों को कारोबार का स्वरूप देने, ‘वात्सल्य से उदित उदया’ के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समाज निर्माण पर काम करने तथा ‘पैसा बोलता है’ अभियान के माध्यम से वित्तीय साक्षरता और बिजनेस मैनेजमेंट की जानकारी देने पर जोर दिया जा रहा है।

महिला चेम्बर पदाधिकारियों ने बताया कि इन पहलों के माध्यम से गृह उद्योगों, छोटे एवं मध्यम एमएसएमई तथा महिला उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके कारोबार को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता, प्रदेश महामंत्री मनीषा तारवानी और प्रदेश कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रथम आम सभा का उद्देश्य प्रदेशभर की महिला व्यवसायियों को एक मंच पर लाना, उनकी व्यापारिक समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सुरक्षित एवं अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराना है। आम सभा में रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिला उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, व्यवसायियों और चेम्बर पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. इला गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और चेम्बर स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला चेम्बर की आगामी गतिविधियों के लिए नई ऊर्जा और संकल्प लेकर आया है।

इस अवसर पर चेम्बर सलाहकार एवं महिला चेम्बर प्रभारी तिलोकचंद बरडिया, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, डॉ. इला गुप्ता, मनीषा तारवानी, नम्रता अग्रवाल, मीनाक्षी टुटेजा, मंजूषा परियल, लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, जितेंद्र शादीजा, भरत पमनानी, जतिन नचरानी, आकाश धावना, सविता गुप्ता, कुहू शर्मा, निधि अग्रवाल, नेहा जैन, सुधा पवार सहित बड़ी संख्या में महिला चेम्बर की पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here