रायपुर। व्यापारिक समुदाय के बीच संवाद, सहयोग और नेटवर्किंग को मजबूत करने के साथ कारोबार को नई दिशा देने के उद्देश्य से YUVA CAIT छत्तीसगढ़ ने नई पहल ‘Coffee with YUVA CAIT’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत शहर के विभिन्न व्यापारिक एवं व्यावसायिक संगठनों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर व्यापार से जुड़े मुद्दों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। पहल के पोस्टर का विमोचन CAIT के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी एवं प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने किया।
हर व्यापारिक एसोसिएशन तक पहुंचेगी YUVA CAIT की टीम
‘Coffee with YUVA CAIT’ के माध्यम से YUVA CAIT की टीम अलग-अलग व्यापारिक एसोसिएशनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों के बीच पहुंचेगी। औपचारिक बैठकों से अलग सहज माहौल में एक कप कॉफी के साथ व्यापार की वर्तमान स्थिति, बाजार की चुनौतियों और नए कारोबारी अवसरों पर खुलकर चर्चा होगी।
इस दौरान व्यापार को आगे बढ़ाने, नए व्यवसायिक अवसर तैयार करने, आपसी सहयोग और नेटवर्किंग को मजबूत करने तथा युवा एवं अनुभवी व्यापारियों के अनुभवों को साझा करने पर विशेष जोर रहेगा।
‘विचार भी, व्यापार भी’ होगा पहल का मूल मंत्र
YUVA CAIT की इस पहल का मूल मंत्र ‘विचार भी, व्यापार भी’ रखा गया है। संगठन का मानना है कि व्यापारिक क्षेत्र में नए विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान से नए अवसरों का निर्माण किया जा सकता है। इसी सोच के साथ ‘Coffee with YUVA CAIT’ को एक नियमित संवाद मंच के रूप में विकसित करने की योजना है।
CAIT के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि अलग-अलग व्यापारिक एसोसिएशनों की अपनी विशेषता, अनुभव और विशेषज्ञता है। इन्हें एक मंच पर जोड़कर संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने से व्यापार जगत को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि युवा व्यापारियों की ऊर्जा, नए विचार और तकनीक की समझ को अनुभवी व्यापारियों के अनुभव के साथ जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ‘Coffee with YUVA CAIT’ जैसी पहल व्यापारिक समुदाय के बीच मजबूत नेटवर्क तैयार करने के साथ युवाओं को व्यापार जगत से और अधिक मजबूती से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हर मुलाकात से नया विचार और हर विचार से नया अवसर
YUVA CAIT के अनुसार यह पहल महज एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे निरंतर संवाद, नेटवर्किंग, सहयोग और व्यापार विकास के मंच के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य है कि व्यापारियों के बीच होने वाली प्रत्येक बैठक से नए विचार सामने आएं, उन विचारों से नए कारोबारी अवसर तैयार हों और इन अवसरों के माध्यम से व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में CAIT छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमैन जितेंद्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिंदर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज, RADA अध्यक्ष कैलाश खेमानी, YUVA CAIT प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह, महिला CAIT प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल, CAIT ट्रांसपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






