India vs Zimbabwe Women T20: 250 रुपये से शुरू होंगे टिकट, 12 अक्टूबर से बिक्री

0
5
India vs Zimbabwe Women T20: 250 रुपये से शुरू होंगे टिकट, 12 अक्टूबर से बिक्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट का रोमांच देखने का मौका मिलने जा रहा है। नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। तीनों मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। इन मुकाबलों को लेकर टिकटों की कीमतें भी तय कर दी गई हैं। क्रिकेट प्रेमी महज 250 रुपये में मैच का लुत्फ उठा सकेंगे, जबकि तीनों मैच देखने के लिए सीरीज टिकट भी उपलब्ध होगी। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी।

250 रुपये में मैच देखने का मौका, जानिए टिकटों की कीमत
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में टिकटों की व्यवस्था की गई है। लोअर स्टैंड के चयनित स्टैंड नंबर 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8 और 9 के लिए टिकट की कीमत 250 रुपये रखी गई है। वहीं, दर्शकों को कॉम्बो और सीरीज टिकट खरीदने का विकल्प भी मिलेगा।

कॉर्पोरेट बॉक्स की कीमत 70 हजार रुपये तय
तीनों मैचों के लिए सीरीज टिकट की कीमत 499 रुपये तय की गई है। इसके अलावा दो टिकटों के कॉम्बो की कीमत 350 रुपये होगी। प्रीमियम श्रेणी में प्लैटिनम टिकट 3,500 रुपये, गोल्ड टिकट 2,500 रुपये और सिल्वर टिकट 2,000 रुपये में उपलब्ध होंगे। कॉर्पोरेट बॉक्स की कीमत 70 हजार रुपये रखी गई है, जबकि सिंगल कॉर्पोरेट टिकट 3,500 रुपये का होगा।

12 अक्टूबर शाम 4 बजे से शुरू होगी टिकट बिक्री
मैचों की टिकट बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी। एक व्यक्ति अपनी एक आईडी से एक बार में अधिकतम छह टिकट खरीद सकेगा। इस बार टिकट पूरी तरह डिजिटल होंगे। दर्शकों को फिजिकल टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टिकट के क्यूआर कोड को स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा।

ग्राउंड वाटर विवाद पर मिली क्लीयरेंस
मैचों के आयोजन को लेकर ग्राउंड वाटर के उपयोग से संबंधित एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) प्रकरण के कारण रोक का मुद्दा भी सामने आया था। अब न्यायालय से मैच आयोजित कराने के लिए क्लीयरेंस मिलने की जानकारी दी गई है। स्टेडियम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित कर दिया गया है। इसके साथ ही फ्लो मीटर भी लगाया गया है, जिससे मैदान में पानी की खपत की निगरानी की जा सकेगी। इससे ग्राउंड पर इस्तेमाल होने वाले पानी की मात्रा का पता चल सकेगा।

11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी भारतीय टीम
भारत और जिम्बाब्वे की टीमों के रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम भी तय किया गया है। भारतीय महिला टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी। टीम 12 अक्टूबर को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक स्टेडियम में अभ्यास करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और 13 अक्टूबर से अभ्यास शुरू करेगी। तीन मुकाबलों के साथ रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रंग में रंगने को तैयार है। सस्ते टिकट और डिजिटल एंट्री की सुविधा से दर्शकों को स्टेडियम में मैच देखने का अवसर मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here