संवैधानिक संस्थाओं को बंधक बनाने की साजिश कर रहा है इंडी गठबंधन : भाजपा

0
5

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस, ‘इण्डी गठबंधन’ और कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे आंदोलन के दौरान अराजक, अलोकतांत्रिक, अमर्यादित और असंवैधानिक राजनीतिक आचरण की कड़े शब्दों में निंदा की है। श्री दीपक ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, किंतु विरोध के नाम पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना, प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बाधित करना और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को तार-तार करना पूरी तरह अराजकता और हताशा का परिचायक है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक ने कहा कि चुनाव आयोग जैसे निष्पक्ष व स्वायत्त संस्थान पर बेबुनियाद दबाव बनाना देश के लोकतांत्रिक ढाँचे पर सीधा प्रहार है। मुख्य चुनाव आयुक्त को असंवैधानिक तरीके से हटाने की मांग करना और दबाव बनाने के लिए सड़कों पर उपद्रव फैलाना यह साबित करता है कि विपक्ष का भारतीय संविधान, न्यायपालिका और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में कोई विश्वास नहीं रह गया है। श्री दीपक ने कहा कि जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं। अब वे मुद्दों की राजनीति करने के बजाय घटिया राजनीतिक हथकण्डों और अराजकता पर उतर आए हैं। आंदोलन की आड़ में राजधानी में सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त करना, पुलिस व प्रशासन के साथ अभद्रता करना और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना किसी भी दृष्टि से स्वस्थ राजनीति का हिस्सा नहीं हो सकता। श्री दीपक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान, विधि के शासन और सभी संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here