रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की छत्तीसगढ़ इकाई ने रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह में व्यापारिक संगठनों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता और व्यापारियों के हितों को मजबूती से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने RADA के अध्यक्ष कैलाश खेमानी, उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सचिव मुकेश सिंघानिया और कोषाध्यक्ष अभिनव ऋषि सहित पूरी नई टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
पारवानी ने कहा कि किसी भी संगठन में पद मिलना केवल सम्मान की बात नहीं, बल्कि व्यापारियों के विश्वास और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी है। संगठन के पदाधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि RADA की नई टीम सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा के साथ ऑटोमोबाइल व्यापारियों के हितों की रक्षा करेगी और संगठन की प्रतिष्ठा को और मजबूत बनाएगी।
कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि व्यापारिक संगठनों की असली ताकत उनकी एकजुटता, सक्रियता और व्यापारियों के प्रति प्रतिबद्धता में है। विभिन्न संगठन आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करें, तो व्यापारियों की समस्याओं का समाधान आसान होता है और प्रदेश के आर्थिक विकास को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा कि कैट भविष्य में भी RADA सहित अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापारी हितों और उद्योगों के विकास के लिए काम करता रहेगा।
RADA के नवनियुक्त अध्यक्ष कैलाश खेमानी ने कैट छत्तीसगढ़ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऑटोमोबाइल क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे हजारों व्यापारी, उद्यमी, कर्मचारी और अन्य व्यवसाय जुड़े हुए हैं। RADA की नई टीम ऑटोमोबाइल कारोबार से संबंधित चुनौतियों को प्रभावी ढंग से उठाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने और व्यवसाय के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में काम करेगी।
समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि कैट और RADA के बीच बेहतर तालमेल से व्यापारिक समुदाय की आवाज और मजबूत होगी। साथ ही व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों पर प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा।
इस अवसर पर कैट, युवा कैट, महिला कैट, ट्रांसपोर्ट कैट और RADA के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से कैट के पदाधिकारी जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, सुरिंदर सिंह, जीवत बजाज, अवनीत सिंह, विजय पटेल, राजेंद्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज सहित जय नानवानी, गौरव मधानी, रजत छाबड़ा, सूरज पारवानी, विकास मथानी, सतीश श्रीवास्तव, जयराम कुकरेजा, नागेंद्र तिवारी, विजय जैन, कांति पटेल, रतनदीप सिंह, भरत भूषण गुप्ता, हिमांशु वर्मा, रौनक पटेल, अमित गुप्ता, गिरिश पटेल, मनीष सोनी, पिंकी अग्रवाल, नवीन शर्मा, आनंद क्षत्री, ठाकुर दासलुल्ला, गुरमीत सिंह और सागर हिरानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






