रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। उच्च न्यायालय के निर्णय के पालन में लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन का अवसर देने का निर्णय लिया है। इन अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शुद्धि पत्र
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, राज्य की शासकीय शालाओं के ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन में अब उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में संशोधन किया गया है।
दिव्यांगता की तीन श्रेणियों को किया गया शामिल
संशोधित प्रावधानों के तहत समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार एवं श्रेणीवार वितरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता से संबंधित श्रेणियों के लिए आरक्षित पदों का विवरण स्पष्ट किया गया है।
कुल 2292 पदों पर होगी भर्ती
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं।
ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।
वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।
आवेदन की तारीख अलग से होगी जारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा पृथक से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई 2026 को जारी भर्ती के विस्तृत विज्ञापन की शेष सभी शर्तें और प्रावधान पूर्ववत लागू रहेंगे। इस संशोधन से संबंधित श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आवेदन का अवसर मिलने का रास्ता साफ हुआ है।






