रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 6 कार्यालय में आयोजित जोन स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी शामिल हुए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए पात्र 3 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र, 2 नागरिकों को आधार कार्ड तथा 6 पात्र नागरिकों को राशन कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान वार्डवासियों ने अपनी विभिन्न जनसमस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
महापौर मीनल चौबे एवं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जोन क्रमांक 6 के अंतर्गत आने वाले सभी 7 वार्डों के नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना था। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
विधायक सुनील सोनी ने जोन क्रमांक 6 के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डवासियों की सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका जोन स्तर पर प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के लिए अधिकारी तत्परता से कार्य करें।
शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
विधायक सोनी ने अधिकारियों को केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वार्डवासियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए पात्र नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए, ताकि जरूरतमंद हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में जोन क्रमांक 6 के जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद प्रमोद कुमार साहू, रवि सोनकर, जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में पहल की।






