जगदलपुर। मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद करीब ढाई महीने तक उपचार और स्वास्थ्य लाभ लेने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव शनिवार शाम अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। उनके आगमन पर जगदलपुर एयरपोर्ट में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। फूल-मालाओं से अभिनंदन के बीच समर्थकों में अपने नेता को वापस देखकर खासा उत्साह नजर आया।
जगदलपुर पहुंचने के बाद किरण देव ने मीडिया से बातचीत में अपने स्वास्थ्य, मां दंतेश्वरी के दर्शन, भाजपा की आगामी गतिविधियों और बस्तर दशहरा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जानकारी साझा की।
दिल्ली में चला लंबा इलाज, समर्थकों के प्रति जताया आभार
किरण सिंह देव ने बताया कि मध्यप्रदेश में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद दिल्ली में उनका करीब सवा दो महीने तक उपचार चला। इस दौरान ऑपरेशन, फिजियोथेरेपी और चिकित्सकों की निगरानी में उन्होंने स्वास्थ्य लाभ लिया। 23 सितंबर को दिल्ली से रायपुर लौटने के बाद उनकी इच्छा थी कि शारदीय नवरात्रि के दौरान दंतेवाड़ा पहुंचकर मां दंतेश्वरी के दर्शन करें और उनका आशीर्वाद लें।
जल्द स्वस्थ होने की कामना की
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद मुश्किल समय में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के लोगों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। लगातार मिले स्नेह और शुभकामनाओं के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की आगामी गतिविधियों के संबंध में बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू जल्द ही प्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं। उनके प्रवास के दौरान भाजपा के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पार्टी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी।
बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति का आगमन क्षेत्र के लिए गौरव
बस्तर दशहरा के अवसर पर 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर पहुंचने के प्रस्ताव को किरण सिंह देव ने पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य और गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर में बदलाव और नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में जारी प्रयासों के बीच राष्ट्रपति का आगमन महत्वपूर्ण है। उन्होंने जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र और बस्तरवासियों की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन होगा।
मां दंतेश्वरी के दरबार में पहुंचे किरण सिंह देव और मंत्री केदार कश्यप
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश सरकार के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए। दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की तथा आरती में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।






