रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवंति विहार कॉलोनी स्थित कैनाल लिंकिंग रोड के किनारे ट्रैक्टर से कचरा डालते हुए ट्रैक्टर मालिक एवं ठेकेदार सोनू साहू को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक 32 अंतर्गत अवंति विहार कॉलोनी कैनाल लिंकिंग रोड के किनारे ट्रैक्टर से कचरा डाला जा रहा था। मौके पर मौजूद जोन 9 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी जानकारी तत्काल जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव को दी।
जोन कमिश्नर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित ट्रैक्टर मालिक सोनू साहू पर सड़क किनारे कचरा डालने के मामले में 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम की टीम ने प्राप्त जनशिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए मौके पर कार्रवाई की। इस दौरान जोन 9 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा एवं स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी उपस्थित रहे।






