दीपावली से पहले अलर्ट हुआ प्रशासन: हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण, मॉक ड्रिल से दुकानदारों को सिखाए आग बुझाने के गुर

0
7
दीपावली से पहले अलर्ट हुआ प्रशासन: हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण, मॉक ड्रिल से दुकानदारों को सिखाए आग बुझाने के गुर

रायपुर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आगजनी की संभावित घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से 2 नवंबर 2026 को हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड, लाखे नगर स्थित पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, पटाखों के सुरक्षित भंडारण और क्रय-विक्रय से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही सभी दुकानदारों को प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस विभाग द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से पटाखा दुकानदारों को आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) के सही उपयोग और आग लगने की स्थिति में तत्काल एवं सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाने की प्रक्रिया समझाई गई।

वहीं विद्युत विभाग की टीम ने दुकानदारों को बिजली के उपकरणों, वायरिंग एवं अन्य विद्युत व्यवस्थाओं में सावधानी बरतने की हिदायत दी। अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने तथा दुकानों में अग्निशमन यंत्र सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

संयुक्त टीम ने दुकानदारों को यह भी निर्देशित किया कि आगजनी, विद्युत संबंधी समस्या या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संयुक्त निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आम नागरिकों के साथ-साथ दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सभी पटाखा दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से पटाखों का क्रय-विक्रय करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here