रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार, 3 नवंबर को शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। तेलीबांधा गुरुद्वारा के पास 700 एमएम व्यास की डीआईए राइजिंग पाइपलाइन में सुधार कार्य किया जा रहा है। इसके चलते 80 एमएलडी पुराने फिल्टर प्लांट से भरी जाने वाली पानी की टंकियों से होने वाली जलापूर्ति पर असर पड़ेगा।
पाइपलाइन सुधार कार्य के कारण राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा और शंकर नगर क्षेत्रों में संध्याकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं खमतराई और भनपुरी की पुरानी पानी टंकी से होने वाली जलापूर्ति भी आंशिक रूप से प्रभावित होने की संभावना है।
पहले से पानी का इंतजाम करने की अपील
जलापूर्ति प्रभावित होने के चलते संबंधित क्षेत्रों के रहवासियों को शाम के समय पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।






