बड़ी खबर : आंगनबाड़ी केंद्र में फूड प्वाइजनिंग, बच्चों की तबीयत बिगड़ी; पालकों ने रोका बच्चों को भेजना

0
234
Untitled design - 1

 

देवभोग। देवभोग ब्लॉक के सुपेबेडा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। 3 सितंबर को आंगनबाड़ी केंद्र में पोहा खाने के बाद कई नन्हे बच्चे फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए थे, जिनमें से एक बच्ची की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

ढाई साल की हेम प्रिया, जो इस घटना का शिकार हुई थी, की हालत में अब भी सुधार नहीं आया है। उसे देवभोग अस्पताल में भर्ती किया गया है। दो दिनों तक लगातार उल्टियां होने के बाद अब बच्ची को तेज बुखार भी हो गया है। बीएमओ अपनी देखरेख में बच्ची का इलाज कर रहे हैं।

पालकों ने बच्चों को भेजना किया बंद:

इस फूड प्वाइजनिंग की घटना के बाद से आंगनबाड़ी केंद्र में पालक अपने बच्चों को भेजना बंद कर चुके हैं। पालकों में भय का माहौल है और वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। घटना की जांच और आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है।

इस घटना ने क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति लोगों की चिंता को बढ़ा दिया है। पालकों का कहना है कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, वे अपने बच्चों को केंद्र नहीं भेजेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here