बिलासपुर। शहर के मंगला चौक क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आगजनी की इस घटना में सात दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इनमें फर्नीचर, कपड़े, फल-सब्जी, लांड्री और चाय की दुकानें शामिल थीं। सबसे अधिक नुकसान फर्नीचर दुकान को हुआ, जहां लगभग 25 लाख रुपये का माल जल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी बताया जा रहा है।
रात चार बजे भड़की आग, फायर ब्रिगेड पहुंचने तक मच चुका था कोहराम
घटना रात लगभग चार बजे की है, जब बाजार की बंद दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। चौकीदार ने तुरंत फर्नीचर दुकानदार को फोन कर जानकारी दी, लेकिन जब तक वह मौके पर पहुंचा, आग ने पास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते फल-सब्जी, लांड्री, चाय और फर्नीचर की दुकानों में रखा सारा सामान जल गया।
फर्नीचर की दुकान में खड़ा छोटा हाथी वाहन भी आग में स्वाहा हो गया। लांड्री में रखे ग्राहकों के सैकड़ों कपड़े, चाय की दुकान का सामान और फल-सब्ज़ी की दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गईं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से लगी, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दुकानदारों ने उठाई मुआवज़े की मांग
घटना से आहत पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवज़े की मांग की है। उनका कहना है कि अचानक हुई इस भीषण घटना ने उनका सब कुछ तबाह कर दिया है और अब उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।


