बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक महिला के साथ दुष्कर्म और फिर जबरन गर्भपात कराए जाने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी कांग्रेस का एक पूर्व पार्षद और एल्डरमैन काशी रात्रे है, जो फिलहाल फरार है। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
पीड़िता, 38 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2002 में हुई थी, लेकिन घरेलू विवादों के चलते वह 2003 से सिविल लाइन इलाके में अकेली रह रही है। उसकी पहचान पूर्व पार्षद काशी रात्रे से थी, जिसे वह ‘भइया’ कहकर बुलाया करती थी।
महिला के अनुसार, मार्च 2022 में जब वह तिफरा स्थित अपनी सहेली के घर गई थी, तब काशी रात्रे वहां पहुंचा। उसने प्रधानमंत्री आवास योजना का फॉर्म भरने के बहाने पहले 20 हजार रुपये लिए और फिर मौका पाकर महिला की सहेली को बाहर भेजकर सुनसान कमरे में जबरन महिला से दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने महिला को डराते-धमकाते हुए जनवरी 2025 तक कई बार शारीरिक शोषण किया। जब महिला गर्भवती हो गई और उसने यह जानकारी आरोपी को दी, तो आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया, जिससे महिला की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई।
पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी ने कुल 50 हजार रुपये विभिन्न किश्तों में उससे ऐंठ लिए और बार-बार उसे धमकाता रहा कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसकी इज्जत उछालकर जान से मार देगा।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म, धमकी, ठगी और गर्भपात कराने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी काशी रात्रे फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।


