
अंबिकापुर। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर छत्तीसगढ़भर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में अंबिकापुर में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने घड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के पुतले का दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड की आड़ में करीब 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर अवैध कब्जे की साजिश रची है।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की भी योजना बनाई थी, लेकिन कांग्रेस ने इस बार विरोध का जवाब अनोखे अंदाज़ में देने की तैयारी की थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ पानी और गुड़ लेकर मौके पर पहुंचे, ताकि भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘ठंडा’ किया जा सके।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा,

“भाजपा को शायद गर्मी ज़्यादा हो गई है, इसलिए हमने उन्हें पानी पिलाकर शांत करने की सोची थी। मगर वे कांग्रेस कार्यालय तक आए ही नहीं। लगता है अब गर्मी भी उतर गई है।”
हालांकि, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय तक नहीं पहुंचे, जिससे कांग्रेस का प्रतीकात्मक स्वागत अधूरा रह गया।
भाजपा नेताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की कथित आर्थिक अनियमितताओं को लेकर वे जनता को लगातार जागरूक करते रहेंगे और कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर आवाज उठाते रहेंगे।
वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के इस प्रदर्शन को “राजनीतिक ड्रामा” करार देते हुए कहा कि जनता असली मुद्दों से भटकाने की यह कोशिश समझ चुकी है।




