
सुहागरात से पहले ही उजड़ गया सुहाग: दुल्हन के लिए तोहफा लेने गए दूल्हे की सड़क हादसे में मौत
शहडोल / ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम झिरिया निवासी 22 वर्षीय दीपेंद्र साकेत की शादी 20 अप्रैल को सीधी जिले के मगरोहर गांव में हुई थी। 21 अप्रैल को बारात लौटने के बाद दूल्हा दीपेंद्र अपनी नई नवेली पत्नी के लिए सुहागरात का तोहफा लेने बाइक से ब्यौहारी गया था। लेकिन लौटते वक्त ग्राम सराई सांधा के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दीपेंद्र और दूसरी बाइक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


जानकारी के मुताबिक, दीपेंद्र को शादी में एक नई मोटरसाइकिल तोहफे में मिली थी, उसी से वह बाजार गया था। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। सज-धज कर पति का इंतजार कर रही दुल्हन का सुहाग चंद घंटे में ही उजड़ गया। घर में चीख-पुकार मच गई, दुल्हन बेसुध हो गई और बार-बार बेहोश होती रही।
फिलहाल, ब्यौहारी अस्पताल में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।





