
पहलगाम आतंकी हमले में लश्कर का हाथ, TRF ने ली जिम्मेदारी; NIA जांच में जुटी, 27 की मौत, स्केच जारी
पूरी खबर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हमला उस समय हुआ जब बैसरन घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। मृतकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक-एक टूरिस्ट और दो स्थानीय नागरिक भी मारे गए।


हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली है। इंटेलिजेंस सूत्रों के अनुसार, इस हमले का मास्टरमाइंड लश्कर का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है, जो इस वक्त पाकिस्तान में मौजूद है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमले में कुल 5 आतंकी शामिल थे, जिनमें दो लोकल और तीन पाकिस्तानी थे।
सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने चश्मदीदों की मदद से तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं, जिनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा बताए जा रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर चार संदिग्ध आतंकियों की एक तस्वीर वायरल हो रही है, लेकिन इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसियों का कहना है कि वायरल फोटो में से एक आतंकी TRF के FT मूसा कैडर से जुड़ा हो सकता है।

इधर, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम भी जांच के लिए पहलगाम पहुंच चुकी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा मामलों पर कैबिनेट की अहम बैठक प्रधानमंत्री आवास पर शुरू हो चुकी है, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल शामिल हो चुके हैं।
यह हमला पुलवामा के बाद जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए फिदायीन हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे, जिसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।




